8 जून को न्यूजीलैंड के पीएम से बात करेंगे मधुबनी के यश झा, सोशल मीडिया के जरिए बूढ़ी महिला तक पहुंचाई थी मदद
मधुबनी के रहने वाले 10वीं के छात्र यश झा को न्यूजीलैंड के लेडिज पीएम जैसिंडा अर्डर्न से बातचीत का मौका मिला है। यश को न्यूजीलैंड सरकार के कार्यक्रम “पॉजिटिव मीडिया” में शामिल किया गया है। यश मधुबनी जिला के बेनीपट्टी प्रखंड अंतर्गत ब्रह्मपुरा गांव के रहने वाले हैं। यश सेवानिवृत्त सेना योगानंद झा के पोते और व्यवसायी दीपक झा के पुत्र हैं।
दसवीं के छात्र यश झा का इंस्टाग्राम पर Unknown Poet नाम का एक अकाउंट है। इस कोरोना काल में उन्होंने लोगों की मदद के लिए एक कैंपेन शुरू किया। इस कैंपेन के तहत यश ने सोशल मीडिया पर एक हैशटैग चलाया और उसके बाद इसी हैशटैग के जरिए पटना की रहने वाली एक बूढ़ी मां की जान बचाई गई। इसी बात की तारीफ करते हुए न्यूजीलैंड की एंबेंसी ने उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
आपको बता दें कि इस कार्यक्रम में 32 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। जूम एप के जरिए पूरा कार्यक्रम होगा और यह कार्यक्रम 8 जून को होगा।
इससे पहले न्यूजीलैंड के राजदूत डेविड पेन ने जूम एप के जरिए यश झा से बात की थी। कार्यक्रम में यश के चुने जाने के बाद ‘पीएमओ न्यूजीलैंड’ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वहां की मीडिया को यश के बारे में जानकारी दी। यश झा ने बताया कि उन्हें ईमेल के जरिए न्यूजीलैंड आने का न्योता दिया गया है। जो कोविड संक्रमण खत्म होने के बाद ही संभव है।