पटना: अफगानिस्तान में तालिबान शासन के समर्थन और विरोध का सिलसिला भारत में लगातार जारी है। बिहार में भी ‘तालिबान पर सियासी तकरार’ शुरू हो गई है। बता दें कि राजद के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की तुलना तालिबान से कर दी। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता व राज्य सभा सांसद सुशील कुमाार मोदी ने पलटवार करते हुए बिहार में लालू-राबड़ी के 15 वर्षों के शासनकालकी तुलना तालिबानी शासन से कर दी है।
सुशील मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा, ”लालू प्रसाद ने अपने दौर में बिहार को आज के अफगानिस्तान जैसा ही बना दिया था। लालू के जेल जाने पर उनकी ‘खड़ाऊँ सरकार’ चलाने वाले जगदानंद को राजद में छिपा तालिबान क्यों नहीं दिखा? लालू-राबड़ी के कुशासन में बंदूक के बल पर अपहरण उद्योग चला, 100 से ज्यादा नरसंहार हुए और महिलाएँ घर से निकलने में डरती थीं। शिक्षा चौपट थी। विकास ठप था।”
सुशील मोदी यहां ही नहीं रुके उन्होंने जगदानंद सिंह पर हमला करते हुए कहा कि “राजद के छोटे राजकुमार की इच्छा के मुताबिक काम करने और बड़े राजकुमार से लगातार अपमानित होने के दबाव में जगदानंद मानसिक संतुलन खो रहे हैं, इसलिए वह हिंसा में विश्वास करने वाले बर्बर तालिबानियों की तुलना राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से कर रहे हैं।”
यह भी पढ़े: भाजपा नेता का बड़ा बयान, बोले- नीतीश कुमार का जगह लेना चाहते हैं उपेंद्र कुशवाहा!
बता दें कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा था कि ”तालिबान नाम नहीं, एक संस्कृति है। भारत में RSS तालिबानी हैं। ये लोग दाढ़ी काटते हैं। चूड़ी बेचने वाले और पंक्चर बनाने वाले को पीटते हैं। जगदानंद सिंह ने भाजपा पर आरोप लगते हुए कहा कि इन सबके खिलाफ लालू यादव ने काफी लंबी लड़ाई लड़ी, संघर्ष किया इसलिए उन्हे जेल में डाला गया है। उन्होंने कहा कि लालू यादव ने अरबपतियों की खिलाफत की, धार्मिक उन्मादियों के विरोध किया, आडवाणी को गिरफ्तार किया, इसलिए भाजपा वाले शाजिश के जरिए लालू यादव को जेल में डालने कि कोशिश करते हैं।
लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के विवादास्पद बयान के बाद पहली बार जगदानंद सिंह पार्टी के सार्वजनिक मंच से बोल रहे थे। बहरहाल जगदानंद सिंह के RSS पर हमले और सुशील मोदी के पलटवार के बाद अब देखना काफी दिलचस्प होगा कि बिहार की सियासत में शुरू हुआ ‘तालिबान पर तकरार’ कहां जाकर थमता है।
यह भी पढ़े: पशुपति पारस का बयान, नीतीश कुमार को नरेंद्र मोदी से लड़ाने की हो रही है साजिश!