पटना: विधानसभा के शीतकालीन सत्र का समापन राष्ट्रगीत से कराने पर असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के विधायक ने आपत्ति जताई। शुक्रवार को शीतकालीन सत्र के समापन पर जब राष्ट्रगान गाए जाने लगा तो विधायक अख्तरुल इमान ने इसका विरोध किया। इसपर पलटवार करते हुए भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि विधायक अख्तरुल ईमान की हरकत देशद्रोही की श्रेणी में आता है। विधानसभा अध्यक्ष को अविलंब उनपर कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, विधायक संजय सिंह ने कहा कि इस देश में रहने वाले को राष्ट्रगीत गाना ही होगा।
दरअसल, इसबार बिहार विधनसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत राष्ट्रगीत के साथ की गई थी और इसका समापन भी राष्ट्र गीत से हुआ। इस पर ओवैसी के पार्टी के विधायक अख्तरुल इमान ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् गाना हमारी परंपरा के खिलाफ है। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत तो पहले भी था, लेकिन इसे सदन के अंदर कभी नहीं गाया जाता था। राष्ट्रगीत से हमारी राष्ट्रभक्ति पर कोई सवाल नहीं उठा सकता है। विधायक ने कहा कि हम मादरे वतन में आस्था रखते हैं लेकिन कोई जबरन राष्ट्रगीत गाने को कहें तो यह घोर आपत्तिजनक है।
विधायक अख्तरुल इमान ने कहा कि विधानसभा के अंदर कभी भी राष्ट्रगीत नहीं गाया जाता था। एक नई पद्धति की शुरुआत की गई है। किसी की यह मजाल नहीं है कि मुझे वंदे मातरम् गाने के लिए मजबूर करें। उन्होंने कहा कि संविधान में कहीं नहीं लिखा है कि राष्ट्रगीत गाना जरूरी है। आखिर ऐसी नई परंपरा क्यों शुरू की गई है? सदन में इस प्रकार की परंपरा की कोई आवश्यकता नहीं थी, बावजूद सरकार ने इसकी शुरुआत की है। देश के सभी वर्गों को एक नजर से देखना ठीक नहीं है। मैं वंदे मातरम् न गाता हूं और न गाऊंगा। इससे मेरी आस्था को आहत होती है।
यह भी पढ़े: शिक्षक से ज्यादा विद्वान बिहार का यह बच्चा, आगे चलकर बना देश का राष्ट्रपति !
अख्तरुल इमान के इस बयान पर भाजपा विधायक हरीभूषण ठाकुर बचौल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सोच तालिबानी जैसी है। वे भारत को भी तालिबान बनाना चाहते हैं, लेकिन ऐसा नहीं होने वाला है। हरिभूषण ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रगीत गाने से इनकार करने वाले राष्ट्रभक्त होने का दावा कैसे कर सकते हैं? जिहादी और संप्रदायिक मानसिकता के व्यक्ति से यही उम्मीद की जा सकती है। उनके इस बयान ने एक खास वर्ग के राष्ट्रभक्तों को शर्मिंदा किया है। बचौल ने कहा कि इस्लामिक मानसिकता के लोग भारत का विभाजन करना चाहते हैं। विधानसभा अध्यक्ष को ऐसे बयान पर संज्ञान लेना चाहिए और जल्द से जल्द कार्रवाई करनी चाहिए। जब भी विधानसभा सत्र चलेगा भाजपा उन्हें परिसर में रुकने नहीं देगी।
वहीं भाजपा विधायक संजय सिंह ने कहा कि इस देश में रहने वाले लोगों को राष्ट्रगीत गाना ही होगा। जिन्हें भी राष्ट्रगीत से आपत्ति है वे अपने पसंद के देशों में जा सकते हैं। भाजपा विधायक ने कहा कि जो लोग राष्ट्रगीत पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें अपने अंदर राष्ट्रभक्ति जगानी चाहिए। यदि वे ऐसा नहीं करेंगे तो थोड़े समय के बाद समझा दिए जाएंगे। फिर वे राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान भी दिखाएंगे और खड़े होकर जाएंगे भी। देश में रहना है तो राष्ट्रगीत को सम्मान देना पड़ेगा।
यह भी पढ़े: असदुद्दीन ओवैसी ने खोला बड़ा राज, जानिए तेजस्वी यादव क्यों नहीं बन पाए मुख्यमंत्री ?