पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में पड़ रही प्रचंड गर्मी को हाई अलर्ट की स्थिति बताई है। नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में जिस हिसाब से गर्मी पड़ रही है, वह बहुत ज्यादा है। आज भी सूबे के कई जिलों में पारा 44 डिग्री के ऊपर रहा है। सीएम नीतीश कहा कि राज्य में जारी गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग समेत आपदा प्रबंधन विभाग और सरकार के दूसरे विभागों व एजेंसियों को सतर्क रहने का आदेश दिया गया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि भीषण गर्मी की वजह से कई बीमारियों की आशंका बढ़ गई है, उसको लेकर स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया है। राज्य में बढ़ती गर्मी हर दिन में पुराने रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। अप्रैल महीने में ऐसी गर्मी किसी ने नहीं देखी थी। सीएम नीतीश ने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह से अलर्ट है। सभी विभागों के अलावा प्रशासन को भी अलर्ट रहने के आदेश दिया गया है। लेकिन, लोगों को भी जागरूक रहने की जरूरत है।
सीएम नीतीश कुमार ने मीडिया के साथियों से करते हुए कहा कि वे बढ़ती गर्मी को लेकर जागरूकता फैलाएं। अगले एक-दो महीने भीषण गर्मी को देखते हुए विशेष सतर्कता की जरूरत है। सीएम नीतीश ने बिहार में कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर भी सतर्कता बरतने की बात कही है। नीतीश कुमार ने कहा कि देश के कई हिस्सों में कोरोना के मामले बढ़े हैं। ऐसे में जरूरी है कि लोग एहतियात बरतें। हमने इसके लिए पहले से ही विभागों को निर्देश दे रखा है लेकिन आम जागरूकता खत्म नहीं होनी चाहिए।
ये भी पढ़े: कांग्रेस में अटकलों का बाजार गर्म, जानिए किसे मिलेगी बिहार प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी!
इन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी:
बिहार के 14 जिलों में प्रचंड गर्मी जारी है। इनमें पटना, गया, भागलपुर, बक्सर, बांका, जमुई, शेखपुरा, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा बेगूसराय, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण में अधिकतम तापमान इस साल में सबसे अधिक देखा गया। बक्सर में अधिकतम तापमान ने बिहार के किसी भी शहर के अबतक के सार्वकालिक रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। बक्सर का अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, बांका और शेखपुरा राज्य में दूसरा सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
दोपहर के वक्त घर में ही रहें:
आपदा प्रबंधन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि दोपहर के वक्त घर में ही रहें। अधिक जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। इसके साथ ही पक्षियों को तपती गर्मी से बचाने एवं उनकी प्यास बुझाने के लिए भी आपदा प्रबंधन विभाग ने कवायद शुरू की है। इसके तहत घरों एवं कार्यालयो के छतों पर मिट्टी के बर्तन में पानी की व्यवस्था की जाएगी। बिहार के ज्यादातर इलाके में इस वक्त भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति दर्ज की गई है।
ये भी पढ़े: मुकेश सहनी का बड़ा बयान, ‘भगवान राम’ के नांव को पार लगाने वालों ने भाजपा दिखाया औकात!