पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जो कार्य उन्होंने किए हैं, उसे भविष्य में लोग जरूर याद करेंगे। नीतीश कुमार के इस बयान के बाद राज्य में राजनीति बयानबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने नीतीश कुमार पर निशान साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को ये एहसास हो चुका है कि वह बतौर मुख्यमंत्री ज्यादा दिन शासन करने वाले नहीं हैं। इसीलिए उन्होंने इस तरह की बात कही है। उन्होंने कहा कि 16 साल में नीतीश कुमार 7 बार बिहार के मुख्यमंत्री तो जरूर बने, लेकिन भविष्य में उनको एक असफल मुख्यमंत्री के तौर पर ही याद किया जाएगा। बिहार में उन्होंने क्या विकास किया है? मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस के सामने हमेशा घुटने टेके रहते हैं।
वहीं, कांग्रेस से दो कदम आगे निकलते हुए राष्टीय जनता दल के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार की जनता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार के सबसे असफल मुख्यमंत्री के तौर पर याद करेगी। सत्ता के लिए जिस तरह से उन्होंने बार-बार गठबंधन को बदला, जनता उन्हें बतौर पलटीमार मुख्यमंत्री याद करेगी। नीतिश कुमार को जनता भविष्य में सत्ता का सुख भोगने के लिए किसी भी हद तक जाने वाले मुख्यमंत्री के तौर पर याद करेगी।
यह भी पढ़े: जदयू की दो दिवसीय बैठक, ललन सिंह के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने की तैयारी!
इधर, विपक्ष के आरोपों के बाद जनता दल यूनाइटेड के प्रवक्ता सुहेली मेहता ने पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ही बिहार को माइनस 10 से प्लस 10 की ओर खींच कर लाए हैं। बिहार में सड़क, पुल, पुलिया और स्वास्थ्य क्षेत्र में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने क्रांति लाई है। आज मजदूर की बेटी भी पढ़ाई करके अच्छी नौकरी पाती है। नीतीश के राज्य में महिलाएं सशक्त हुई है। सुहेली मेहता ने राजद पर पलटवार करते हुए कहा कि नीतीश पर आरोप लगाते समय विपक्ष शायद अपना दौर भूल गया, जब बिहार की पहचान चरवाहा विद्यालय, अपहरण उद्योग, हत्या और लूट हुआ करती थी। विपक्ष को यह जानकारी ही नहीं है कि सफल और असफल मुख्यमंत्री की परिभाषा क्या होती है?’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान का समर्थन करते हुए भाजपा नेता निखिल आनंद ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिल्कुल सही बात कही है। बिहार के विकास के लिए जो लकीर उन्होंने खींच है वह शायद ही कोई और मुख्यमंत्री खींच पाए। शिक्षा का क्षेत्र हो, स्वास्थ्य, सड़क या लॉ एंड ऑर्डर की बात हो, नीतीश कुमार ने इस सभी क्षेत्रो में विकास की नई कृतिमान स्थापित किया है।
यह भी पढ़े: क्या बिहार सरकार ‘जानबूझ’ कर कम नहीं कर रही पेट्रोल व डीजल के दाम ?