पटना: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह आज कल बिहार दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइटेड को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाना उनका लक्ष्य है। इसके लिए कई राज्यों में काम चल रहा है। देश के प्रत्येक राज्य में पार्टी की प्रदेश इकाई का गठन किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और महागठबंधन पर भी हमला बोला है।
लखीसराय दौरे पर पहुंचे जदयू के अध्यक्ष ललन सिंह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा जदयू को महागठबंधन में आमंत्रण देने के सवाल पर कहा कि बिहार में महागठबंधन अब लठबंधन बन गया है। तेजस्वी पहले अपने परिवार और पार्टी को बचाएं उसके बाद महागठबंधन की बात करें। पिता के उत्तराधिकारी पद के लिए दो भाईयों में घमासान मचा हुआ है। ऐसे लोगों से बिहार का कभी भला नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि ये लोग रोज-रोज ड्रामा करते हैं और अनाप-शनाप बयान देते रहते हैं। पहले अपने घर में लगी आग को वे बुझाएं। नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही बिहार सरकार को कोई चुनौती नहीं दे सकता है।
यह भी पढ़े: बिहार पंचायत चुनाव: केंद्र सरकार ने पंचायतों को दिया तौफा, राशि जान हो जाएंगे हैरान!
जदयू को राष्ट्रीय पार्टी बनाने को लेकर ललन सिंह ने कहा कि हाल में मैंने जम्मू और कश्मीर का दौरा किया है, जहां पहले जदयू के छह-छह विधायक हुआ करते थे। वहां संगठन से जुड़े साथियों से मुलाकात करके फिर से उन्हें सक्रिय किया जा रहा है। जदयू में संगठन विस्तार के लिए मजबूती से काम किया जा रहा है और बिहार के बाहर भी इसका विस्तार करने की योजना बनाई जा रही है। पार्टी के सभी पुराने साथियों को जोड़ा जा रहा है।
ललन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने काम और जनहित की योजनाओं के बल पर देश में सबसे अव्वल मुख्यमंत्री के रुप में अपनी पहचान कायम किए हुए हैं। इनके कार्यों को कई राज्यों ने सराहा है। पार्टी को इसका लाभ भी मिल रहा है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर ललन सिंह ने कहा कि जदयू उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। इसके लिए एनडीए के घटक दलाें से बातचीत की जा रही है। भाजपा से सीट शेयरिंग पर चर्चा होगी, फिर आगे फैसला लिया जाएगा। पूर्वांचल यूपी में जदयू बेहतर स्थिति में है और पार्टी की इच्छा है कि वह इस क्षेत्र में अपना उमीदवार खड़ा करे।
यह भी पढ़े: बिहार पंचायत चुनाव: पंचायत चुनाव के लिए आज से शुरू हुई नामांकन!