पटना: सीपीआइ का दामन छोड़कर कांग्रेस में आने वाले कन्हैया कुमार को बिहार में केवल राजद ही पहचानने से इन्कार कर रहा है। राजद के प्रवक्ता भाई वीरेंद्र ने कहा था कि वे किसी कन्हैया कुमार को नहीं जानते हैं। लेकिन, बिहार के बाकी सभी दल कन्हैया कुमार के बारे में कुछ न कुछ बयान जरूर दे रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चहेते और कांग्रेस का दामन छोड़कर जदयू में आए राज्य के मौजूदा भवन निर्माण मंत्री ने कन्हैया कुमार को खास अंदाज में शुभकामना दी। साथ ही उन्होंने कन्हैया कुमार के राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंता भी जताई है।
एक जमाने में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे और वर्तमान में जदयू के वरिष्ठ नेता और भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि कांग्रेस को गाली देकर राजनीति में आए कन्हैया कुमार से कांग्रेस के लिए कोई चमत्कार की उम्मीद बेईमानी है। कांग्रेस में कुछ न कुछ संकट जरूर है। यही वजह है कि कांग्रेस के स्थापित लोगों को मजबूरी में पार्टी से बाहर का रास्ता देखना पड़ा है। उन्होंने कहा कि कन्हैया कुमार के आने से कांग्रेस मजबूत स्थिति में होगी, इस उम्मीद का कोई आधार नहीं है।
यह भी पढ़े: राजद नेता का बड़ा बयान, कहा- कन्हैया कुमार को कांग्रेस का अध्यक्ष बना देना चाहिए।
भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि कन्हैया बिहार के हैं, इसलिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं हैं, लेकिन मुझे कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं लग रहा है। एक जमाने में असम में विस्व शर्मा कांग्रेस के नेता थे, ममता बनर्जी युवा कांग्रेस की अध्यक्ष थीं, यूपी में जितिन प्रसाद कांग्रेस की दो पीढ़ियों के नेता थे और अब भाजपा के मंत्री हैं।
पंजाब की राजनीति का उदाहरण देते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि पंजाब में अमरिंदर सिंह का क्या हुआ यह हर कोई जनता है। कांग्रेस के लिए उन्होंने पंजाब में क्या नहीं किया। लेकिन, उन्हें नवजोत सिंह सिद्धू के कहने पर हटा दिया गया। अशोक चौधरी ने कहा कि अब वही नवजोत सिंह सिद्धू ने इस्तीफा दे दिया है। मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया दो पीढिय़ों के नेता हैं। सचिन पायलट की प्रतिभा का इस्तेमाल राजस्थान में कांग्रेस ने नहीं किया। वह अपमानित होकर बैठे हुए हैं। ऐसे में कन्हैया पार्टी में क्या कर पाएंगे यह समय बताएगा?
यह भी पढ़े: उपेन्द्र कुशवाहा का ऐलान, अभी हो जाए चुनाव तो 2010 से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी जदयू!