पटना: केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद अपनी ही पार्टी में हाशिए पर आ चुके हैं आरसीपी सिंह ने राजनीतिक भविष्य की तमाम अटकलों के बीच कहा कि वह बिहार दौरे पर निकलेंगे। बिहार यात्रा के दौरान आरसीपी सिंह एनडीए सरकार की तरफ से किए जा रहे कार्यों के बारे में जनता को विस्तार से जानकारी देंगे और यह समझाने का प्रयास करेंगे कि एनडीए सरकार के अंदर विगत वर्षों में कितने विकास कार्य किए गए हैं। यह ऐलान आरसीपी सिंह ने पटना स्थित अपने आवास पर किया।
दरअसल केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह आज यानी शुक्रवार को पटना स्थित आवास पर अपने करीबी नेताओं और समर्थकों को दावत दी थी। इस दावत में आरसीपी सिंह के करीबी नेता और कार्यकर्ताओं ने शिरकत किया। आयोजन के बाद मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री आरएसपी सिंह ने कहा कि बिहार में अभी और काम करने की आवश्यकता है। प्रदेश के अंदर युवाओं के बीच उद्योग धंधे को लेकर भूख पैदा करने की आवश्यकता है। हमारे लोग दिल्ली, मुंबई समेत अन्य बड़े शहरों में जाकर काम करते हैं, इसे रोकने की आवश्यकता है।
केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कहा कि UPSC जैसी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने के लिए जी जान लगा देने वाले अभ्यार्थी को यह सोचना चाहिए कि उद्योग धंधे के पैमाने में बिहार क्यों पीछे है? राज्य में फिलहाल उद्योग की स्थिति काफी दयनीय है। बिहार में उद्योग क्रांति की आवश्यकता है। आरसीपी सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार की तरफ से किए जा रहे कार्यों का लेखा-जोखा लेकर बिहार की जनता के बीच जाएंगे और बताएंगे कि एनडीए सरकार में बिहार के अंदर कितना विकास हुआ है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मेरा बिहार दौरा अगले 1 साल तक चलेगा। बिहार के हर गांव में जाकर हम बताएंगे कि एनडीए सरकार ने बिहार में कितना विकास किया है। वे बिहार के लोगों के साथ अलग-अलग जगहों पर भी संवाद करेंगे।
केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कहा कि सरकार कई दफे काम करने के बावजूद आम लोगों को यह बता नहीं पाती है कि जनता के हित में क्या-क्या कार्य हुआ है? जनता को यह बताना बेहद आवश्यक है कि सरकार उनके हित में क्या काम कर रही है और यही बताने हम जनता के बीच जाएंगे। आरपी सिंह ने कहा कि पटना या दिल्ली में बैठकर जनता के साथ संवाद नहीं किया जा सकता है। संवाद के लिए आवश्यक है कि जनता के बीच जाया जाए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब भी मुझे मौका मिलता है मैं अपने गांव चले जाता हूं। गांव के लोगों के साथ संवाद से काफी जानकारी मिलती है। जनता से संवाद के बाद यदि कोई योजनाएं बनाई जाती है तो वह भी कारगर होती है।
बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कहा कि हमने 2010 के बाद लगातार इस मांग को उठाया है और इसके लिए संघर्ष भी किया है। इस मांग को लेकर हमने पटना से दिल्ली तक में रैलियां कीं। पार्टी लगातार इसकी मांग करती रही है। लेकिन बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला। आज देश में स्थितियां हो गई है कि और राज्य विशेष दर्जा की मांग कर रहा है। ऐसे में हमें इस बात को समझ लेना चाहिए कि विशेष दर्जे की मांग के बीच कोई खिड़की खोलते हुए बिहार का कैसा विकास किया जाएगा? केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारी प्राथमिकता बिहार को विकसित करना है और इसके लिए हम अपने स्तर पर लगातार प्रयास कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी किस प्रकार से तैयारी कर रही है और वहां की क्या स्थिति है इसको लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा नीतीश कुमार को असली समाजवाद कहे जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कहा कि यह बिल्कुल सत्य है इसमें कुछ भी गलत नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजनीति में कभी भी परिवार को शामिल नहीं किया है यह बात बिहार ही नहीं बल्कि पूरा देश जानता है।
यह भी पढ़े : देशभर में Airtel की सेवाएं ठप, सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है #AirtelDown