पटना: बिहार के मौसम में तेज बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य में प्रि मानसून की बारिश में थोड़ी कमी आई है। इसके कारण राज्य के एक हिस्से में उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है तो, उत्तर बिहार में पुरवा के कारण के बारिश व हवा का तेज प्रवाह बना हुआ है। बिहार के 28 जिलों में गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। प्रचंड गर्मी के कारण पटना से लेकर राज्य के 28 जिलों में आसमान से आग बरसने जैसे हालात होंगे। राज्य का अधिकतम तापमान 42 डिग्री पार कर चुका है, अब यह 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग की मानें तो 24 घन्टे में फिर से राज्य के 28 जिलों में रिकॉर्ड गर्मी पड़ेगी। इस दौरान पारा 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। उमस भरी गर्मी के बीच राज्य के 9 जिलों में बारिश की सम्भावना जताई गई है। बिहार में फिलहाल अधिकतम तापमान 45 डिग्री को पार कर चुका है। सेहत को लेकर यह मौसम काफी खतरनाक बताया जा रहा है। पटना सहित आस पास के जिलों में सोमवार की सुबह से पारा चढ़ा है। तेज धूप के साथ उमस वाली गर्मी पड़ रही है। हालांकि राज्य के उत्तर पश्चिम इलाकों में कुछ जगहों पर मध्यम बारिश दर्ज की गई है बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिली है।
40 डिग्री के पार कई शहरों का तापमान:
प्रदेश का तापमान रविवार को 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चला गया। 48.7 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद प्रदेश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया। जबकि पटना के अधिकतम तापमान में सामान्य से एक डिग्री की वृद्धि के साथ 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के कई शहरों के तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया। सिवान, समस्तीपुर, नालंदा, भागलपुर, सबौर को छोड़ शेष भागों के तापमान में क्रमिक वृद्धि दर्ज की गई।
इन जगहों पर बारिश होने का अनुमान:
मौसम विभाग की मानें राज्य के अधिकांश भागों में पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह बना हुआ है और इसकी रफ्तार 8 से 10 किमी प्रति घन्टे की है, साथ ही उत्तर दक्षिण ट्रफ लाइन बिहार से दक्षिणी तमिलनाडु तक उत्तरी छत्तीसगढ़ और तेलंगाना से होकर गुजर रही है जिसकी वजह से बारिश का संयोग बन रहा है। राज्य के किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, सुपौल, मधुबनी, कटिहार, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी में अगले 24 घन्टे में वज्रपात के साथ बारिश की सम्भावना है। इस दौरान लोगों से खुले में नहीं रहने और घरों से बाहर नहीं निकलने की भी अपील की गई है।