पटना: देश में कोरोना के मामलों में फिर उछाल देखने को मिला है। लगातार दूसरे दिन देश में 4200 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। देशभर में पिछले 24 घंटों में कोरोना के कुल 4518 नए मामले सामने आए हैं, वहीं इस दौरान महामारी से 9 लोगों की मौत हुई। रविवार के मुकाबले सोमवार को कोरोना के मामले बढ़े हैं। रविवार को देश में कोरोना के 4,270 केस दर्ज किए गए थे। चौंकाने वाली बात ये है कि सबसे ज्यादा केस केरल और महाराष्ट्र में मिले हैं।
देश में कोरोना के 25782 एक्टिव मरीज:
भारत में कोरोना के संक्रमण बढ़ने के साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या भी एक बार फिर धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटे में इसमें 1730 का इजाफा हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत में अभी कोरोना वायरस के 25782 एक्टिव मरीज मौजूद हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना से 2779 मरीज ठीक हुए और अब तक ठीक हुए लोगों की संख्या 4 करोड़ 26 लाख 30 हजार 852 हो गई है।
देश में 4.31 करोड़ हुई संक्रमितों की संख्या:
बीते 24 घंटे में कोरोना के देश में 4518 नए केस सामने आए हैं। जिसके बाद देश में कोरोना के कुल मामले 4 करोड़ 31 लाख 81 हजार 335 पहुंच चुके हैं। वहीं, महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 5 लाख 24 हजार 701 पहुंच गई है।
ये भी पढ़े: देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1829 नए मामले, 16 हजार से कम हुए एक्टिव केस
इन राज्यों में सबसे अधिक मामले:
5 सबसे संक्रमित राज्यों की बात करें तो केरल में 1,544, महाराष्ट्र में 1494, दिल्ली में 343, कर्नाटक में 301 और हरियाणा में 148 केस मिले हैं। देश में मिले कुल केसों में 84.77% केस इन्हीं 5 राज्यों में मिले हैं। वहीं, केरल में अकेले 34.17% केस मिले हैं। भारत में पिछले 24 घंटे में 9 लोगों की मौत हो गई। अब तक देश में संक्रमण से 5,24,701 लोगों की मौत हो चुकी है।
तमिलनाडु में BA4 और BA5 वैरिएंट के 12 मामले:
तमिलनाडु में ओमिक्रोन के BA4 और BA5 वैरिएंट के 12 मामले सामने आए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, 150 नमूनों में से 12 नमूने हैदराबाद की प्रयोगशाला में भेजे गए थे, जिनमें नए वेरिएंट की पुष्टि हुई है। चार लोगों में बीए-4 वैरिएंट पाया गया है, जबकि आठ लोगों में बीए-5 वैरिएंट पाया गया है। सभी संक्रमितों को आइसोलेट कर दिया गया है।
ये भी पढ़े: बिहार में लगातार बढ़ रहा कोरोना का संक्रमण, हर दिन मिल रहे नए मरीज, जानें अपडेट!