पटना: राष्ट्रीय जनता दल के नेता व बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दो दिवसीय दौरे पर झारखण्ड जा रहे हैं। यह खबर सामने आने के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता झारखण्ड की राजधानी रांची पहुंच रहे हैं। पार्टी के इन कार्यकर्ताओं को कल रांची में तेजस्वी सम्बोधित करेंगे। अपने संगठन को बिहार के अलावा झारखंड में भी बेहतर और मजबूत बनाने के लिए तेजस्वी यह दौरा कर रहे हैं।
झारखंड सरकार के मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने बताया कि उभरते हुए युवा नेता तेजस्वी यादव झारखण्ड की धरती पर आ रहें है, हम सब उनका स्वागत के लिए तैयार है। तेजस्वी यादव ने अकेले दम पर बिहार में ऐसी छाप छोड़ी है, जिसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि गठबंधन में जो भी लोग हैं, सभी लोगों को समान रुप से देखा जाता है। मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में आज राजद के सिर्फ एक विधायक जीत कर आए हैं, बावजूद इसके सम्मान के साथ उन्हें मंत्री पद दिया गया है। हमारे गठबंधन में सभी लोगों को समान अधिकार दिया जाता है। तेजस्वी यादव अपना संगठन विस्तार करने की तैयारी का समीक्षा करने आ रहें हैं।
यह भी पढ़े: बिहार पंचायत चुनाव: आयोग ने जारी किया आदेश, निष्पक्ष मतगणना की तैयारी!
झारखंड राजद के प्रभारी जयप्रकाश यादव तेजस्वी यादव के झारखंड जाने के बात पर कहा कि झारखंड में बेहतर संगठन और ढांचा खड़ा करने के लिए विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव प्रदेश आ रहे हैं। हमलोगों का लक्ष्य सिर्फ एक है, इस देश से भाजपा को भगाना है। उन्होंने कहा कि राज्य भले बंट गए हों, लेकिन दोनों राज्यों के लोगों का दिल नहीं बंटा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के झारखण्ड दौरे को लेकर राजद नेता सुभाष यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव झारखण्ड में हर महीने के तीसरे सप्ताह में दो दिन का दौरा करेंगे, जिसे पार्टी ने ‘तेजस्वी चला आपके द्वार’ नाम दिया है। संगठन के माध्यम से पार्टी बिखरे हुए सभी पुराने साथी को एकसाथ लाने का प्रयास करेगी। उन्होंने तेजस्वी यादव जातीय जनगणना की मांग के मुद्दे को भी याद दिलाया।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के झारखंड दौरे पर भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखण्ड गठन के पहले से लेकर अब तक राष्ट्रीय जनता दल का यहां कोई अस्तित्व नहीं है और न आने वाले समय में होने वाला है। सरकार का जो नियोजन नीति है उस पर तेजस्वी यादव को बोलना चाहिए। उनको बताना चाहिए सरकार के नियोजन नीति से सहमत हैं या असहमत हैं। सिर्फ दौरा करने से कुछ नहीं होने वाला है।
यह भी पढ़े: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान से गरमाई सियासत, जानें क्या है पूरा मामला ?