पटना: बिहार में फिलहाल जारी लॉकडाउन को एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया के द्वारा इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा है- लॉकडाउन का अच्छा प्रभाव पड़ा है और कोरोना संक्रमण में कमी दिख रही है। अतः बिहार में 25 मई के आगे एक सप्ताह के लिए अर्थात 1 जून, 2021 तक लॉकडाउन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
CM नीतीश कुमार इसके पहले आज क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की मीटिंग में कोरोना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। फिर उन्होंने बिहार के दोनों डिप्टी सीएम और अन्य मंत्रियों के साथ भी वर्चुअल मीटिंग की है। इसके बाद ही लॉकडाउन को एक हफ्ते और जारी रखने का निर्णय लिया। लॉकडाउन के तीसरे चरण की गाइडलाइन आज शाम चार बजे मुख्य सचिव, विकास आयुक्त और डीजीपी जारी करेंगे।
बिहार में कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए पहला लॉकडाउन 5 मई से लगाया गया था, जो 15 मई तक प्रभावी था। फिर 16 मई से 25 मई तक दूसरा लॉकडाउन लगा है। लॉकडाउन लगाने के बाद राज्य भर में कोरोना के संक्रमण में काफी गिरावट आई है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार कुछ नई छूट दे सकती है। पहले लॉकडाउन के बाद दूसरे लॉकडाउन में कुछ छूट मिली थी। किसानी से संबंधित और निर्माण से संबंधित दुकानों के समय में बदलाव किए गए थे। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो गाइडलाइन में कुछ ही बदलाव किए जाएंगे। सरकार का जोर ग्रामीण इलाके में कोरोना के फैलाव को रोकने पर है।