पटना: उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी 255 सीटों पर और अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी 113 सीटों पर आगे चल रही है। दोपहर 1 बजे तक कुल 403 सीटों में 401 सीटों का रुझान आ गया है। अपना दल (सोनीलाल) 12 विधानसभा सीटों पर और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) आठ सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, पंजाब चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला विधानसभा सीट से चुनाव हार गए हैं।
उत्तर प्रदेश के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती हुए दिख रही है। 401 सीटों के रुझान में 255 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। इसके साथ ही, भगवा खेमे में जश्न शुरू हो चुका है। लखनऊ के भाजपा दफ्तर पर कार्यकर्ताओं ने ‘यूपी में का बा’ के नारे लगाए है और पार्टी के गानों पर ठुमका लगा रहे हैं। वहीं, रूझानों के मुताबिक, सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर सदर सीट पर 12 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं।
बहादुर शाह जफर के जमाने का भी अंत हो गया:
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने यूपी में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि इन चुनावों में बहादुर शाह जफर के जमाने का भी अंत हो गया। उन्होंने कहा कि आज जीत लोकतंत्र की हुई है। गिरिराज सिंह ने सपा और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया हैं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि “बहादुर शाह जफर के जमाने का भी अंत हो गया.. लोकतंत्र की जीत हुई.. विकास की जीत हुई.. मोदी जी की जीत हुई. मोदी के विकास की जीत हुई, लोगों ने जात-पात और अफवाहों के बाजार को राजनीति से बाहर किया।”
आम आदमी पार्टी की नहीं आम आदमी की जीत:
पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) शानदार पहली जीत की ओर बढ़ रही है। इस पर दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि “पंजाब के लोगों ने केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस को एक मौका दिया है। आज पूरे देश में ये स्पष्ट हो गया है कि लोग सोचते हैं कि अगर केजरीवाल होंगे तो ईमानदारी से व्यापार, रोज़गार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा मिल सकती है. बाबा साहब, भगत सिंह का सपना आज पूरा हुआ है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की नहीं आम आदमी की जीत हुई है। ये हमारा रास्ता धीरे-धीरे पूरे देश में जाएगा।” .’