पटना: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में रामनवमी के दिन नॉनवेज खाने को लेकर हुए बवाल के बाद छात्रों के दो गुटों में हुई हिंसक झड़प का मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि शुक्रवार सुबह एक और मामला सामने आया है। अब जेएनयू के बाहर सुबह भगवा झंडे और पोस्टरे लगाए गए। हिन्दू सेना ने इस झंडे के लगाने का दावा किया है। इन पोस्टरों पर लिखा है ‘भगवा जेएनयू’। साथ ही जेएनयू कैंपस के आसपास भगवा झंडे और भगवा कपड़े के टुकड़े लगाए गए हैं। इसके अलावा आसपास लगे ऑटो रिक्शा पर भी भगवे रंग के झंडे लगाए हैं।
हिंदू सेना के वाइस प्रेसिडेंट सुरजीत यादव ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में भगवा विरोधियों द्वारा भगवा का अपमान होता है। हिंदू सेना इनको चेतावनी देती है कि भगवा के अपमान की कोशिश ना करें। सुरजीत यादव ने कहा कि हम हर धर्म और विचारधारा का सम्मान करते हैं लेकिन जिस तरह से जेएनयू में भगवा का अपमान किया जा रहा है, हिंदू सेना ये अपमान नहीं सहेगा। हिंदू सेना भगवा के विरोध करने वालों के खिलाफ कोई भी कठोर कदम उठा सकती है।
पुलिस ने हटाए बैनर और झंडे:
इस मामले के संज्ञान में आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। मिली जानकारी के मुताबिक, सभी भगवा झंडों को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय कैंपस के आसपास से हटाया गया। दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी कि आज सुबह पुलिस की जानकारी में यह बात आई तो हाल में हुई हिंसक घटना को ध्यान में रखते हुए तुरंत इन झंडों और बैनरों को हटाया गया और उचित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नवरात्र पर खाने को लेकर हुआ था विवाद:
बता दें कि नवरात्र के दौरान जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्रों के दो गुट के बीच हिंसा की खबरें आई थीं। जेएनयू के कावेरी छात्रावास में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े छात्र और लेफ्ट विचारधारा वाले छात्रों के बीच ‘मेस’ में नवरात्र पर कथित तौर पर मांसाहारी भोजन परोसे जाने को लेकर झड़प हो गई थी। इस हिंसा में करीब 15 छात्र जख्मी हुए थे। इस मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने जेएनयू प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है।
ये भी पढ़े: अमेरिका के नसीहत पर भारत ने दिया करारा जवाब, सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ !