पटना: जनता दल यूनाइटेड में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी ने संगठन का कामकाज देख रहे अपने चार पदाधिकारियों को पार्टी से बर्खास्त कर दिया है। इनमें जदयू प्रवक्ता अजय आलोक, जदयू महासचिव अनिल कुमार, जदयू महासचिव विपिन कुमार यादव और समाज सुधार सेनानी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जितेंद्र नीरज शामिल हैं। खास बैट है कि इन नेताओं को पर के साथ-साथ प्राथमिक सदस्यता से भी निलंबित कर दिया गया है। चारों निष्कासित नेता केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री व पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरपीसी सिंह के करीबी माने जाते हैं।
जनता दल यूनाइटेड काफी दिनों से पार्टी में रह कर पार्टी विरोधी काम करने और खासकर आरसीपी सिंह के समर्थन में मुहिम चलाने वालों की पहचान में जुटी हुई थी। यहां तक कि पार्टी की ओर से भीतरघातियों की लिस्ट तैयार की जा चुकी है। इन चार नेताओं को तो बस एक शुरूआत माना जा रहा है। इससे पहले उमेश कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर पार्टी की छवि धूमिल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी। चेतावनी देते हुए यह भी कहा था कि पार्टी में रहते हुए अमर्यादित बयान देने वाले या पोस्ट करने वाले कतई पार्टी के हितैषी नहीं हो सकते।
प्रदेश अध्यक्ष ने जारी किया निकालने का फरमान:
जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने आज यानि मंगलवार को इन सभी नेताओं के बाहर निकाले जाने का ऐलान कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक इन चारों नेताओं पर आरोप है कि वो न सिर्फ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हो रहे थे, बल्कि उनकी हरकतों के कारण कार्यकर्ताओं के बीच भी गलत मैसेज जा रहा था।
ये भी पढ़े: AK 47 मामले में बाहुबली विधायक अनंत सिंह दोषी करार, 21 जून को मिलेगी सजा
नाराजगी का नतीजा:
बता दें कि बिहार की राजनीति में चर्चा यही है कि आरसीपी सिंह के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद से ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आरसीपी सिंह से नाराज हैं। पार्टी की इस कार्रवाई को इसी नजरिये से जोड़कर देखा जा रहा है। पिछले कुछ समय से पार्टी में खेमेबाजी भी काफी हो रही है। पार्टी अध्यक्ष ललन सिंह और आरसीपी सिंह के बीच की जंग भी किसी से छुपी नहीं है। ऐसे में आरपीसी सिंह के करीबी माने जाने वाले चारों नेताओं को निष्कासित किया गया है।
बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते:
जनता दल यूनाइटेड से निकाले जाने पर अजय आलोक ने कहा कि बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते..बहुत-बहुत धन्यवाद मुझे मुक्त करने के लिए..इतने साल का संबंध रहा बहुत अच्छा रहा..मेरी शुभकामनाए आप लोग को है मैं एक बार फिर कहता हूं बहुत-बहुत धन्यवाद। अजय आलोक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं जेडीयू के अध्यक्ष ललन सिंह को टैग करते हुए अपने ट्वीटर पर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं अध्यक्ष ललन सिंह को धन्यवाद दिया है।
ये भी पढ़े: बर्थडे स्पेशल: जब लालू यादव ने पुलिस के जीप पर चढ़कर फाड़ा था कुर्ता, जानें पूरी कहानी!