पटना: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर पैरोल मिल गई है। रोहतक की सुनारिया जेल से बंद बाबा को अब 30 दिन की पैरोल मिली है।राम रहीम उत्तर प्रदेश के बागपत में अपने आश्रम में रहेगा। गुरमीत राम रहीम सिंह वर्तमान में हरियाणा के रोहतक की जेल में 2017 में बलात्कार के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। उन्हें 2002 में अपने मैनेजर की हत्या का भी दोषी ठहराया गया है।
डेरा सच्चा सौदा की अपील संगत घरों में रहे:
डेरा सच्चा सौदा प्रबंधन ने ट्वीट किया है कि आप सभी को जानकार खुशी होगी कि पिता जी आज पैरोल पर बरनावा आश्रम में पहुंच गए हैं। सभी साध संगत ने घरों में रहकर उनका नाम सिमरन करने की अपील है और जैसे भी आगे का प्रोग्राम होगा, बताया जाएगा। साध संगत को एडम ब्लॉक, जिम्मेदार समय-समय पर सूचित कर देंगे व प्रशासन का पूरा-पूरा साथ देना है।
फरवरी में 21 दिन की मिली थी पैरोल:
हरियाणा सरकार बीते कुछ समय से लगातार डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को पैरोल पर बाहर निकाल रही है। इससे पहले फरवरी में राम रहीम की 21 दिन की पैरोल दी गई थी। इस दौरान सरकार ने राम रहीम की जान का खतरा बताते हुए उसे जेड प्लस की सुरक्षा मुहैया करवाई थी। फरलो के दौरान राम रहीम ज्यादातर समय अपने गुरुग्राम स्थित आश्रम में ही रहा था।
ये भी पढ़े: जुमे की नमाज से पहले यूपी के कई शहरों में ड्रोन का पहरा, पुलिस का फुट मार्च!
राम रहीम 25 अगस्त 2017 को जेल गया था:
राम रहीम को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने 2 साध्वियों से यौन उत्पीड़न के मामले में 25 अगस्त 2017 को सजा सुनाई थी। पंचकूला में हिंसा के बाद राम रहीम को सुनारिया जेल में भेजा गया था। तभी से वह जेल में बंद है। पत्रकार छत्रपति हत्यकांड और रणजीत हत्याकांड में भी सजा काट रहा है। राम रहीम को 7 फरवरी से 28 फरवरी तक पहली पैरोल मिली थी।
कब-कब जेल से आया बाहर:
डेरा प्रमुख अब तक कई बार जेल से बाहर आ चुका है। इससे पहले पिछले साल 12 मई 2021 को डेरा प्रमुख को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल किया गया था। तब गुरमीत को 48 घंटे की पैरोल दी गई थी। इस दौरान उसने गुरुग्राम में अपनी बीमार मां से मुलाकात की थी। इसके बाद 3 जून 2021 को जांच के लिए दोबारा पीजीआईएमएस लाया गया था। 6 जून को इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता मेडिसिटी में भर्ती किया गया था। तब भी उसे पैरोल मिली। फरवरी 2022 में भी 21 दिन की पैरोल मिली।
ये भी पढ़े: ‘अग्निपथ योजना’ को लेकर वरुण गांधी ने राजनाथ सिंह को लिखी चिट्ठी, इन सवालों का मांगा जवाब